शेयर बाजार में सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा चढ़कर 63,450 पर:निफ्टी में भी 80 अंकों की बढ़त; बैंकिंग, IT और मेटल शेयर सबसे ज्यादा चढ़े

Share Bazar

शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (27 अक्टूबर) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा चढ़कर 63,450 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी तेजी है, यह करीब 80 अंक चढ़कर 18,930 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 में तेजी और सिर्फ 4 में गिरावट देखने को मिल रही है। आज बैंकिंग, IT और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी है। लगातार 6 दिनों की गिरावट के बाद बाजार यह तेजी दिख रही है। वहीं रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 83.23 पर खुला।

रिलायंस समेत कई कंपनियों के रिजल्ट आज
आज रिलायंस, मारुति सुजुकी इंडिया, बजाज फिनसर्व, सिप्ला, भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन, ब्लू डार्ट एक्सप्रेस, सिटी यूनियन बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक सहित कई कंपनियां दूसरी तिमाही यानी जुलाई-सितंबर के नतीजे जारी करेंगी।

अमेरिकी बाजार गिरकर बंद हुए
अमेरिकी बाजारों में नतीजों का सीजन चल रहा है, जिसका असर बाजार पर दिख रहा है। टेक शेयरों में बिकवाली की वजह से नैस्डेक 226 अंक (1.76%) गिरकर बंद हुआ। वहीं डाओ जोंस में 252 अंकों की बड़ी गिरावट देखने को मिली है, S&P500 भी 1.2% टूटकर बंद हुआ है।

गुरुवार को 900 अंक गिरा था बाजार
इससे पहले गुरुवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 900 अंक (1.41%) गिरकर 63,148 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 264 अंक (1.39%) की गिरावट रही, यह 18,857 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में गिरावट और सिर्फ 5 में तेजी देखने को मिली। बैंकिंग, IT और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। ये लगातार 6वां कारोबारी दिन था जब बाजार में गिरावट देखने को मिली थी।

इन 4 कारणों से टूटा था बाजार

  • इजराइल-हमास युद्ध के कारण लोग बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।
  • US डॉलर मजबूत होने से भी बाजार पर दबाव बना हुआ है।
  • महंगाई और कच्चे तेल के दाम बढ़ने से बाजार गिर रहा है।
  • विदेशी निवेशक (FII) बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।

एशियन पेंट्स और PNB ने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए
पेंट बनाने वाली निफ्टी कंपनी, एशियन पेंट्स ने कल वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी किए थे। इस तिमाही में कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 53.31% का उछाल देखने को मिला है। कंपनी का मुनाफा 803.83 करोड़ से बढ़कर 1232.39 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं आय 8457.57 करोड़ से बढ़कर 8478.57 करोड़ रुपए हो गई है।

इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने भी दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए थे। इसके अनुसार बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर 411.27 करोड़ से बढ़कर 1756.13 करोड़ रुपए हो गया है। इसमें 327% की ग्रोथ देखने को मिली है। वहीं ब्याज आय 20% बढ़ी, 8270.68 करोड़ से बढ़कर 9922.92 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। बैंक का ग्रॉस NPA 7.73% से घटकर 6.96% रह गया है।

Source: ln.run/e0hYn

Leave a Reply