मुंबई पहली बार एशिया की बिलेनियर कैपिटल बनी:यहां एक साल में 26 अरबपति बढ़े!

Mumbai

भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई एशिया की अरबपतियों की राजधानी बन गई है। मुंबई ने पहली बार चीन की राजधानी बीजिंग को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया है। 603 वर्ग किलोमीटर के एरिया वाले इस शहर में 92 अरबपति रहते हैं, जबकि बीजिंग के 16,000 वर्ग किलोमीटर में 91 अरबपति हैं।

‘हुरुन रिसर्च की 2024 ग्लोबल रिच लिस्ट’ के मुताबिक, पिछले एक साल में मुंबई में 26 नए लोग बिलेनियर बने हैं, जबकि बीजिंग में इस दौरान 18 लोग इस लिस्ट से बाहर हुए हैं। चीन में 814 बिलेनियर रहते हैं, जबकि भारत में 271 बिलेनियर हैं।

न्यूयॉर्क और लंदन के बाद दुनिया में तीसरे नंबर पर
मुंबई अब ग्लोबली इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। पहले नंबर पर न्यूयॉर्क हैं, यहां 119 बिलेनियर रहते हैं, जबकि लंदन दूसरे नंबर पर है, यहां 97 लोग अरबपति हैं। बिलेनियर उन लोगों को कहा जाता है जिनके पास 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा (करीब 8,333 करोड़ रुपए) की संपत्ति है।

92 लोगों के पास 445 बिलियन डॉलर की संपत्ति
रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई के टोटल 92 लोगों की संपत्ति एक साल में 47% बढ़कर 445 बिलियन डॉलर (37.09 लाख करोड़ रुपए) हो गई है। वहीं, चीन की राजधानी में बिलेनियरों की वेल्थ 28% कम होकर 265 बिलियन डॉलर (22.08 लाख करोड़ रुपए) रह गई है।

दुनिया के टॉप-20 अमीरों में केवल 2 भारतीय
भारत में अभी 271 बिलेनियर्स हैं, लेकिन दुनिया के टॉप 20 अमीरों में केवल दो भारतीय हैं। इनमें रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 9.43 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ 11वें नंबर हैं। वहीं, अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी इस लिस्ट में 18वें नबंर पर हैं, इनके पास 6.73 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है।

Source: ln.run/bsmDI