मिशन मंगल बनाने वाले डायरेक्टर जगन शक्ति ‘चंद्रयान-3’ पर भी फिल्म बनाएंगे। जगन शक्ति का यह फैसला तब किया है जब बुधवार को चंद्रयान-3 ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कर इतिहास रच दिया।
जगन शक्ति इस ऐतिहासिक क्षण को भुनाना चाहते हैं। जगन शक्ति ने दैनिक भास्कर के सामने कन्फर्म किया है कि वो मिशन मंगल वाली टीम के साथ ही इस फिल्म को बनाएंगे। हालांकि फिल्म में अक्षय कुमार होंगे या नहीं, उन्होंने इसकी पुष्टि नहीं की है।
मौके को भुनाना चाहते हैं जगन शक्ति
डायरेक्टर जगन शक्ति ने दैनिक भास्कर से कहा- हम इस मौके को जाने नहीं देंगे। मैं अब इस विषय पर कुछ विचार कर रहा हूं। इसके लिए अपनी बड़ी बहन से कुछ इनपुट ले रहा हूं। मेरी बहन ISRO में सीनियर साइंटिस्ट हैं। उम्मीद करता हूं कि मिशन मंगल की टीम के साथ ही चंद्रयान-3 पर फिल्म बनाऊं।
अक्षय कुमार के साथ मिशन मंगल के डायरेक्टर जगन शक्ति।
मिशन मंगल की रिसर्च टीम ने वैज्ञानिकों से संपर्क किया था
जगन शक्ति ने मिशन मंगल की मेकिंग में ISRO के कई वैज्ञानिकों से मदद लिया था। फिल्म से जुड़ी रिसर्च टीम ने वैज्ञानिकों के साथ मिलकर काफी डिटेल्स निकाली थी।
राइटिंग टीम के मुताबिक, स्पेस पर बनी हॉलीवुड फिल्में जैसे इंटरस्टेलर और ग्रैविटी में ऑडियंस को जो बातें बताई गई थीं. ठीक उसी तरह मिशन मंगल में भी उन्हीं जानकारियों को बताने की कोशिश की गई थी।
मिशन मंगल ने 291 करोड़ रुपए का लाइफ टाइम बिजनेस किया था।
सिर्फ 32 करोड़ में बनी थी मिशन मंगल, हॉलीवुड स्पेस वाली फिल्मों का बजट अमूमन 500 करोड़ से ज्यादा
हॉलीवुड में स्पेस जॉनर की फिल्मों का बजट अमूमन 500 करोड़ से ज्यादा होता है। फिल्म ग्रैविटी का बजट 800 करोड़ से ज्यादा था। इंटरस्टेलर को बनाने में 1300 करोड़ रुपए की लागत आई थी। जैसे मंगलयान को बनाने में कम खर्च आया था, ठीक उसी तरह फिल्म बनाने में भी 32 करोड़ रुपए के आस-पास का खर्च आया था।
हालांकि फिल्म में हैवी विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया गया था। इसके बावजूद फिल्म का बजट मामूली ही था। इसके पीछे की वजह भी दिलचस्प है। दरअसल फिल्म में उन लोगों से काम लिया गया जो इंडस्ट्री में नए थे साथ ही उनका काम अच्छा था। उनकी कंपनी भी नई थी, उन्होंने फिल्म के लिए VFX और स्पेशल इफेक्ट सस्ते में दे दिया।
Source: ln.run/lbZ-o