लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार ने बनाया नया हाई:सेंसेक्स 69,673 के स्तर पर पहुंचा , निफ्टी ने भी 20,958 का लेवल छुआ

Share Bazar

शेयर बाजार ने आज यानी बुधवार (6 दिसंबर) को फिर नया ऑल टाइम हाई बनाया है। सेंसेक्स 69,673.83 के अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी ने भी 20,958.65 का स्तर छुआ। ये लगातार तीसरा दिन है जब सेंसेक्स और निफ्टी ने नया हाई बनाया है।

वहीं आज सेंसेक्स 238 पॉइंट बढ़कर 69,534 के स्तर पर खुला। निफ्टी में भी 105 अंक की तेजी रही, यह 20,950 के स्तर पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में तेजी और सिर्फ 1 में गिरावट है। आज ऑटो और मेटल शेयर्स में बढ़त है।

अडाणी टोटल गैस के शेयर में 19% की तेजी
आज के कारोबार में अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 9 में तेजी देखने को मिल रही है। अडाणी टोटल गैस के शेयर में सुबह 11:30 बजे 19.17% की तेजी देखने को मिल रही है। वहीं अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में भी 1.10% तेजी है। आज सिर्फ ACC में ही गिरावट देखने को मिल रही है।

विदेशी निवेशक कर रहे खरीदारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों ( FIIs) की ओर से कल भी खरीदारी देखने को मिली। कल FIIs ने कैश मार्केट में 5,223.51 करोड़ रुपए की खरीदारी की है। जबकि, 1,399.18 करोड़ रुपए की बिकवाली की। FIIs ने इस महीने 3 सेशन में ही कुल 8,886.33 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे हैं। जबकि, DIIs की ओर से 4,846.05 करोड़ रुपए की खरीदारी की है।

एक्सपर्ट बोले- शेयर मार्केट सालाना 20% बढ़ेगा
मॉर्गन स्टेनली इंडिया के एमडी रिधम देसाई बताते हैं कि अगले 4 साल शेयर बाजार में सालाना 20% उछाल का अनुमान है। जीडीपी में लिस्टेड कंपनियों के मुनाफे की हिस्सेदारी बढ़कर 10-11% पहुंच सकती है, जो अभी 5-8% है। इसके पीछे निवेश बढ़ना, सरकारी खर्चों में बढ़ोतरी, बचत में सुधार, अंतरराष्ट्रीय व्यापार में इजाफा और कंपनियों का शानदार लाभांश कारण हैं।

कल बाजार ने बनाया था ऑल टाइम हाई
इससे पहले कल यानी मंगलवार को शेयर बाजार नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स ने 69,381.31 का ऑल टाइम हाई बनाया, तो वहीं निफ्टी ने भी 20,864.05 का हाई बनाया। इसके बाद सेंसेक्स 431 पॉइंट (0.63%) बढ़कर 69,296 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में 168 अंक (0.81%) की तेजी रही, यह 20,855 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में तेजी और 10 में गिरावट मिली थी।

Source: ln.run/C0IaT

Leave a Reply