भाजपा ने पंजाब, आंध्र, तेलंगाना और झारखंड के अध्यक्ष बदले:चुनावी राज्य तेलंगाना जी किशन रेड्डी और कांग्रेस से आए सुनील जाखड़ पंजाब संभालेंगे

भाजपा ने पंजाब, आंध्र, तेलंगाना और झारखंड के अध्यक्ष बदले:चुनावी राज्य तेलंगाना जी किशन रेड्डी और कांग्रेस से आए सुनील जाखड़ पंजाब संभालेंगे

देश में 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा और अगले साल लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने 4 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। पंजाब, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और झारखंड में बदलाव हुआ है।

कांग्रेस से आए सुनील जाखड़ को पंजाब, आंध्र प्रदेश में डी पुरंदेश्वरी, तेलंगाना जी किशन रेड्डी और झारखंड में बाबू लाल मरांडी को पार्टी की कमान सौंपी गई है।

इसके अलावा पार्टी हाईकमान ने एटाला राजेंद्र को तेलंगाना में भाजपा के चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। तेलंगाना में इसी साल के अंत तक विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं।

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्‌डी को राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य मनोनित किया गया है। किरण इसी साल अप्रैल में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

विधायक इटेला राजेंद्र को तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनावों की प्रबंधन समिति के चेयरमैन बनाया है।

सुनील जाखड़: पंजाब कांग्रेस के भी अध्यक्ष रहे

सुनील जाखड़ 2017 से 2021 तक कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। पिछले साल मई में उन्होंने भाजपा जॉइन की थी। वे पंजाब में अश्विनी शर्मा की जगह अध्यक्ष बनाए गए हैं।

2002-2017 तक जाखड़ अबोहर विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक भी रह चुके हैं। 2012-2017 तक पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे हैं।

फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना के निधन के बाद गुरदासपुर लोकसभा सीट से सुनील जाखड़ ने जीत दर्ज की थी।

सुनील जाखड़ के पिता डॉ. बलराम जाखड़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। वह 10 साल तक लोकसभा अध्यक्ष और मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी रहे।

बाबूलाल मरांडी: भाजपा छोड़कर नई पार्टी बनाई, नक्सली हमले में बेटा गंवाया

बाबूलाल मरांडी झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बने थे। 1991 और 1996 में वे लोकसभा चुनाव हारे थे, लेकिन 1998 के चुनाव में उन्होंने शिबू शोरेन को संथाल से हराया था।

2006 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता से भी इस्तीफा देकर झारखंड विकास मोर्चा नाम से नई राजनीतिक पार्टी बना ली थी। भाजपा के पांच विधायक भी इसमें शामिल हुए थे।

उनके बेटे अनूप मरांडी की 27 अक्तूबर 2007 को झारखंड के गिरिडीह क्षेत्र में हुए नक्सली हमले में मौत हो गई थी। वे दीपक प्रकाश की जगह प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।

जी किशन रेड्डी: मोदी कैबिनेट में पर्यटन मंत्री

गंगापुरम किशन रेड्‌डी तेलंगाना के सिकंदराबाद से 2019 में भाजपा के टिकट पर सांसद बने।

फिलहाल वे केंद्रीय कैबिनेट में पर्यटन एवं संस्कृति के अलावा पूर्वोत्तर विकास मामलों के मंत्रालय देख रहे हैं।

तेलंगाना में रेड्‌डी की नियुक्ति इसी साल के अंत तक विधानसभा के चुनाव को देखते हुए की गई है।

जी किशन रेड्‌डी बंदी संजय कुमार की जगह तेलंगाना के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं।

डी पुरंदेश्वरी: पूर्व CM की बेटी, कांग्रेस से भाजपा में आईं

डी पुरंदेश्वरी आन्ध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी के संस्थापक एन टी रामाराव की बेटी हैं।

फिलहाल वे जेपी नड्‌डा की टीम में राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। वो छत्तीसगढ़ की प्रभारी भी रह चुकी हैं।

पुरंदेश्वरी विशाखापट्टनम और बापतला लोक सभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती थीं।

7 मार्च 2014 को वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं।

डी पुरंदेश्वरी सोमू वीरराजू की जगह आंध्र प्रदेश भाजपा की अध्यक्ष होंगी।

एक दिन पहले कैबिनेट मीटिंग के बाद हुए बदलाव
PM नरेंद्र मोदी ने सोमवार को प्रगति मैदान के कन्वेंशन सेंटर में मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ पांच घंटे लंबी बैठक की थी।

PM ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा था कि जनता की सेवा का संकल्प हो तो उसे पूरा करने के लिए किसी पद की जरूरत नहीं है।

प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रियों से बचे हुए कामों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के लिए कहा है।

प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रियों से बचे हुए कामों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के लिए कहा है।

PM ने मंत्रियों से कहा- बचे हुए काम जल्द पूरा करें
मीटिंग में पिछले चार साल के दौरान विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज को लेकर भी चर्चा हुई।

आम चुनाव में एक साल से भी कम समय बचा है। इसलिए प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रियों से बचे हुए कामों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के लिए कहा है।

सूत्रों का कहना है कि विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज को लेकर PM ने खुशी जाहिर की।

सूत्रों के अनुसार भाजपा को मिलने वाली सफलता पर PM ने कहा कि इसके पीछे असली वजह यह है कि लोग दशकों से जिस उपेक्षा के शिकार थे और होते आए थे, उसे भाजपा ने दूर किया। आगे भी यही करना है।

भाजपा में बदलाव से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…

भाजपा पंजाब प्रेसिडेंट अश्वनी शर्मा का इस्तीफा; नड्‌डा की टीम में भी नए चेहरे शामिल होंगे

पंजाब के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। हालांकि, अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनील जाखड़ को पंजाब भाजपा की कमान सौंपी जा सकती है। जाखड़ कांग्रेस से भाजपा में आए हैं।

Source: ln.run/Zr6-7

Leave a Reply