लालबागचा राजा पर इनसाइड रिपोर्ट:करोड़ों का चढ़ावा, लाखों की भीड़, मूर्ति रखने की परंपरा 90 साल पुरानी; यहां मन्नतें पूरी होती हैं

Lalbaughcha Raja

अभिनेता, नेता, बिजनेस टाइकून या फिर आम जनता, सभी लालबागचा राजा (लालबाग के राजा) के दरबार में अपनी मुरादें लेकर हाजिरी लगाने आते हैं। बप्पा के चरणों में जब श्रद्धालु नतमस्तक होते हैं तो इनमें आम और खास का फर्क भी खत्म हो जाता है।

मुकेश अंबानी से लेकर शाहरुख खान तक, अमित शाह से लेकर स्मृति ईरानी तक, सब बप्पा के भक्त हैं। इस बार भी ये सभी बप्पा का दर्शन करने पहुंचे थे। गणेश उत्सव के दौरान हर साल लगभग एक करोड़ लोग दर्शन के लिए आते हैं।

यहां मिलने वाला दान भी करोड़ों में होता है। इस साल 2.5 करोड़ रुपए से ज्यादा का चढ़ावा चढ़ चुका है। 2008 में सबसे ज्यादा 11.5 करोड़ रुपए चढ़ावा चढ़ा था।

यहां देश और विदेश से रोजाना लाखों श्रद्धालु कई घंटे इंतजार कर लंबी लाइन में लगकर बप्पा के दर्शन करने पहुंचते हैं। ये मुंबई के लालबाग परेल इलाके में हैं, इसीलिए इन्हें ‘लालबागचा राजा’ के नाम से पुकारा जाता है। यहां करीब 90 सालों से मूर्ति रखी जाती है। मूर्ति रखने के पीछे का इतिहास भी बेहद दिलचस्प है।

हर साल करोड़ों का चढ़ावा
लालबागचा राजा के दरबार में हर साल करोड़ों का चढ़ावा चढ़ता है। लोग दिल खोल कर दान करते हैं। इस साल 2.5 करोड़ रुपए से ज्यादा का चढ़ावा चढ़ चुका है। 2022 में कुछ ही दिनों में तीन किलो सोना, 40 किलो चांदी और 3.35 करोड़ कैश, यानी कुल 5.1 करोड़ रुपए दान के रूप में मिले थे।

सबसे ज्यादा चढ़ावा 2008 में चढ़ा था। तब यहां की समिति को 11.5 करोड़ रुपए दान में मिले थे। हर साल यह चढ़ावा बढ़ता जाता है।

लालबागचा राजा

मुकेश अंबानी सहित कई बिजनेसमैन यहां लाखों-करोड़ों में दान देते हैं।

गणपति प्रतिमा की सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपए का बीमा होता है
गणपति प्रतिमा की सुरक्षा के लिए हर साल करोड़ों रुपए का बीमा कराया जाता है। इससे जुड़े कार्यकर्ता और सिक्योरिटी गार्ड्स का भी बीमा होता है। इसके अलावा यहां पर मिलने वाले दान-दक्षिणा से कई चैरिटी भी चलती हैं। इस मंडल के अपने कई अस्पताल और एम्बुलेंस हैं जहां गरीबों का फ्री इलाज किया जाता है।

VIP और आम लोगों के लिए अलग-अलग लाइन
लालबागचा राजा के दर्शन के लिए दो लाइन लगी होती हैं, एक मुख दर्शन और दूसरी नवस या चरण स्पर्श दर्शन। यहां दर्शन के लिए हर समय भक्तों की भीड़ लगी रहती है। दर्शन 24 घंटे चलते रहते हैं।

यहां VIP और आम जनता के लिए अलग-अलग लाइनें लगती हैं। इस साल शाहरुख खान, विक्की कौशल, शिल्पा शेट्टी, मानुषी छिल्लर समेत कई सितारे गणपति के दर्शन करने पहुंचे थे। इसके अलावा राजनेताओं में गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी पहुंची थीं।

कई सेलिब्रिटीज यह मानते हैं कि उनकी मांगी मन्नत यहां पूरी हो जाती है, इसलिए हर साल काफी संख्या में एक्टर और एक्ट्रेस यहां अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं।

लालबागचा राजा

शाहरुख खान भी अपने बेटे अबराम के साथ गणपति के दर्शन करने पहुंचे थे।

लालबागचा राजा का इतिहास क्या है और ये इतने प्रसिद्ध क्यों हैं..
लालबागचा राजा का इतिहास बहुत पुराना है। बात अंग्रेजों के जमाने की है, लालबाग के एरिया के आस-पास के कामकाजी लोगों को विस्थापित किया जा रहा था। उनकी कमाई का जरिया छिन गया था। उन लोगों ने एक मन्नत मांगी कि उन्हें व्यापार करने के लिए एक जमीन मिल जाए।

उनकी मन्नत पूरी हुई, तभी से उन लोगों ने वहां गणपति की स्थापना करनी शुरू कर दी। 1934 से यहां हर साल मूर्ति स्थापित की जाती है।

लालबागचा राजा

गणपति का दर्शन करने देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं।

लालबागचा राजा के दर पर कैसे पहुंचें?
यहां पहुंचने के कई रास्ते हैं, एक तो मुंबई के दादर से टैक्सी के जरिए आप 10-15 मिनट में यहां पहुंच सकते हैं। दूसरा रास्ता दादर लोकल स्टेशन से लोअर परेल लोकल स्टेशन का है। लोअर परेल स्टेशन से पैदल 5 मिनट में लालबाग के राजा के दरबार में पहुंचा जा सकता है।

वहीं दादर लोकल स्टेशन से सेंट्रल की ओर जाने वाले लोकल स्टेशन चिंचपोकली से भी पैदल बप्पा के दरबार में पहुंचा जा सकता है।

Source: ln.run/BdJTH

Leave a Reply